top of page
Search

"वरिष्ठजन कल्याण महासंघ" का हुआ गठन, घनश्याम कुमार देवांगन सर्वसम्मति से अध्यक्ष निर्वाचित, गोपाल तिवारी महासचिव एवं दिनेश गुप्ता कोषाध्यक्ष बने

gkdewangan18
Aug 6
2 min read

Updated: Aug 8

• "वरिष्ठजन कल्याण महासंघ" का हुआ गठन, घनश्याम कुमार देवांगन सर्वसम्मति से अध्यक्ष निर्वाचित


• महासंघ वरिष्ठजनों के सम्मान, सुरक्षा एवं खुशहाल जीवन के साथ समाज के सभी आयु वर्गों के कल्याण हेतु करेगा कार्य


• महासंघ समान विचारधारा वाली संस्थाओं को संबद्धता देकर राज्यव्यापी सामाजिक जनआंदोलन का बनेगा सशक्त मंच

भिलाई ( देवांगन टाइम्स)। अंचल के प्रतिष्ठित प्रबुद्ध जनों, शिक्षाविदों, साहित्यकारों, संस्कृति कर्मियों, समाजसेवियों एवं विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट नागरिकों की महत्वपूर्ण बैठक नेहरू नगर, भिलाई में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से "वरिष्ठजन कल्याण महासंघ" का गठन किया गया। यह महासंघ एक स्वैच्छिक, गैर-राजनीतिक एवं गैर-लाभकारी सामाजिक संस्था के रूप में कार्य करेगा तथा वरिष्ठजनों सहित समाज के सभी आयु वर्गों के बच्चों, युवाओं एवं महिलाओं के सर्वांगीण विकास, जनसेवा एवं जनकल्याण के लिए समर्पित होकर कार्य करेगा।

बैठक में वरिष्ठ समाजसेवी घनश्याम कुमार देवांगन को सर्वसम्मति से महासंघ का संस्थापक अध्यक्ष निर्वाचित किया गया।

साथ ही गोपाल प्रसाद तिवारी को महासचिव एवं दिनेश कुमार गुप्ता को कोषाध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया गया।

प्रसिद्ध विद्वान एवं संस्कृताचार्य डॉ. महेशचंद्र शर्मा एवं कला परंपरा के संपादक डॉ. डी. पी. देशमुख को महासंघ का संरक्षक बनाया गया। बैठक में अध्यक्ष घनश्याम देवांगन को कार्यकारिणी के गठन, संस्था के संविधान का निर्माण, सोसायटी पंजीयन की समस्त वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कराने तथा आवश्यक प्रशासनिक कार्यवाहियों के संचालन का अधिकार प्रदान किया गया।

बैठक में महासंघ के उद्देश्यों पर विस्तार से विचार-विमर्श करते हुए निर्णय लिया गया कि संस्था वरिष्ठजनों के साथ ही बच्चों, युवाओं एवं महिलाओं के कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए कार्य करेगा। सम्मान, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सक्रिय सहभागिता के साथ-साथ सामाजिक समरसता, शिक्षा, साहित्य, संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता, व्यक्तित्व विकास, सेवा कार्यों, राष्ट्रीय एकता तथा अन्य लोकहितकारी गतिविधियों का नियमित संचालन करेगी।

यह भी निर्णय लिया गया कि महासंघ का प्रारंभिक कार्यक्षेत्र जिला दुर्ग रहेगा, जिसे आवश्यकता अनुसार प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर तक विस्तारित किया जाएगा। समान विचारधारा एवं उद्देश्यों वाली संस्थाओं को महासंघ से संबद्धता प्रदान कर व्यापक सामाजिक समन्वय एवं जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा।

आचार्य डॉ महेश चन्द्र शर्मा ने नवगठित "वरिष्ठजन कल्याण महासंघ" को एक दूरदर्शी एवं समाजोपयोगी पहल बताया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह संगठन वरिष्ठजनों के सम्मान, सुरक्षा, सक्रिय खुशहाल जीवन और समाज सेवा के क्षेत्र में एक आदर्श संस्था के रूप में स्थापित होगा।

कला परंपरा के संपादक डॉ डी.पी. देशमुख ने प्रशंसा करते हुए कहा कि नवगठित महासंघ वरिष्ठजनों के साथ ही बच्चों, युवाओं एवं महिलाओं के कल्याण एवं खुशहाली के लिए कार्य करेगा।


बैठक में संस्थापक सदस्य आचार्य डॉ. महेश चंद्र शर्मा, डॉ. डी.पी. देशमुख, दिनेश कुमार गुप्ता, गोपाल प्रसाद तिवारी, कांतिलाल विश्वकर्मा, आर. पी. वार्ष्णेय, धानेश्वर कुमार निर्मल, एन. एल. मौर्य प्रीतम, जोसफ, हुकुमचंद देवांगन, छाया विश्वकर्मा तथा सुमन देवांगन सहित सभी संस्थापक सदस्यों ने महासंघ के उद्देश्यों के प्रति पूर्ण समर्थन व्यक्त करते हुए इसे समाजहित में एक ऐतिहासिक पहल बताया। बैठक में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं संरक्षकों का सम्मान किया गया। आभार प्रदर्शन नवनियुक्त महासचिव गोपाल प्रसाद तिवारी ने किया। गायक जोसफ ने सुमधुर गीत प्रस्तुत कर समां बांधा।

 
 
 

Comments


©2026 Site Owned and Managed by Dewangan Times

bottom of page