top of page
Search

छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन ने हर्षोल्लास से मनाया स्थापना दिवस : सामाजिक एकता, स्वरोजगार एवं छत्तीसगढ़ की अस्मिता बचाने हुई आवाज बुलंद

  • gkdewangan18
  • May 23
  • 3 min read

* छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन ने हर्षोल्लास से मनाया स्थापना दिवस : सामाजिक एकता, स्वरोजगार एवं छत्तीसगढ़ की अस्मिता के लिए हुई आवाज बुलंद


रायपुर (देवांगन टाइम्स)। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन स्थित वृन्दावन हाल में 21 मई 2026 को छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन का छठवां स्थापना दिवस समारोह भावनात्मक, सांस्कृतिक और सामाजिक चेतना से सराबोर उल्लासपूर्ण वातावरण में गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरूआत छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर माल्यार्पण एवं आरती के साथ हुई। वक्ताओं ने अपनी छत्तीसगढ़ की संस्कृति की रक्षा, जल जंगल जमीन पर अधिकार, सामाजिक एकता एवं समरसता को बढ़ावा देने तथा राज्य के हर क्षेत्र में छत्तीसगढ़िया नेतृत्व की आवश्यकता एवं संगठन विस्तार को लेकर आवाज बुलंद की।

मंचस्थ वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं अतिथियों का स्वागत कार्यक्रम संयोजक एवं रायपुर संभाग के अध्यक्ष ईश्वर पटेल सहित संगठन के पदाधिकारियों द्वारा पुष्प माला एवं गुलदस्ते द्वारा किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष मेघनाथ यादव ने अपने जोशीले भाषण में कहा कि छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन प्रदेश के जल, जंगल, जमीन तथा छत्तीसगढ़िया संस्कृति एवं हितों की रक्षा और संवर्धन के लिए सतत कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि सामाजिक एकता ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है | उन्होंने छत्तीसगढ़ के सभी समाज के लोगों को जातिगत भावना से ऊपर उठकर एक सूत्र में बंधने की अपील की। महामंत्री लखन लाल साहू ने संगठन की पांच वर्षों की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए शिक्षा को समाज की सबसे बड़ी जरूरत एवं ताकत बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिससे छत्तीसगढ़िया समाज आत्मनिर्भरता और सम्मान का रास्ता तय कर सकता है। प्रदेश संयोजक ब्रह्मदेव पटेल ने संगठन के उद्देश्य एवं आगामी योजनाओं पर प्रकाश डाला। प्रदेश उपाध्यक्ष संत कुमार केशकर ने भावपूर्ण शब्दों में कहा कि जैसे अनेक नदियाँ मिलकर गंगाजल बनाती हैं, वैसे ही सभी समाज मिलकर सामाजिक समरसता की समाज गंगा का निर्माण करते हैं।

विशिष्ट अतिथि छत्तीसगढ़िया वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ के अध्यक्ष शेखर वर्मा ने उद्योग एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में शासन द्वारा दिए जा रहे अनुदानों की जानकारी साझा की और कहा कि समाज के सभी लोगों तक योजनाओं की सही जानकारी पहुँचाकर उसका समुचित लाभ उठाने एवं छत्तीसगढ़िया व्यापारियों को बढ़ावा देने प्रेरित करें। उन्होंने आर्थिक सशक्तिकरण को परिवार एवं समाज की मजबूती का आधार बताया। उपाध्यक्ष भोजराम राम डड़सेना ने सभा को संबोधित कर सामाजिक एकता को बढ़ाने एवं अन्याय के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने पर बल दिया।

इस दौरान सरगुजा, रायपुर एवं दुर्ग संभाग के संभाग एवं जिला स्तरीय नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. के. के. पाटिल ने छत्तीसगढ़ी रचना प्रस्तुत कर वाहवाही बटोरी। उन्होंने छत्तीसगढ़ी भाषा बोली की मर्यादा एवं श्रेष्ठता बनाए रखने तथा उसके दुरूपयोग को रोकने पर बल दिया। दुर्ग संभाग अध्यक्ष चंद्रशेखर साहू ने संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने पर बल दिया।

इस अवसर पर मंच में प्रदेश उपाध्यक्ष घनश्याम कुमार देवांगन, आनंद यादव, आनंद सिन्हा, बेनीराम बघेल, अशोक कुमार साहू, प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. डी.पी. देशमुख, प्रवक्ता प्रेमलाल सिन्हा, सलाहकार राजेंद्र पटेल, रमेश साहू, राणा विजय सिंह, भानु प्रताप यादव, महिला प्रकोष्ठ संयोजिका सुमन देवांगन, महिला अध्यक्ष कुमुद ताम्रकार, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष शुभ्रकांत ताम्रकार, ललित बघेल एवं ईश्वर पटेल सहित वरिष्ठ पदाधिकारी विराजमान रहे।

इस अवसर पर हाल ही में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित साहित्यकार डॉ डीपी देशमुख का संगठन के द्वारा विशेष सम्मान किया गया।

स्थापना दिवस के अवसर पर संगठन का विस्तार करते हुए बड़ी संख्या में पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई एवं नियुक्त पत्र देकर उनका सम्मान किया गया।‌ इनमें सरगुजा संभाग के प्रभारी पंकज गुप्ता, संभागीय अध्यक्ष चंद्रदेव चक्रधारी, जिला प्रभारी अनामिका पैकरा, जिलाध्यक्ष डॉ. कृपाशंकर पटेल, जिला उपाध्यक्ष रामजनम यादव, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रश्मि जायसवाल एवं युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपक लाल अगरिया सहित सभी उपस्थित पदाधिकारियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।

दुर्ग संभाग से अमर सिंह यादव को दुर्ग नगर अध्यक्ष एवं रणछोड़ यादव को दुर्ग नगर का महासचिव नियुक्त किया गया। वेदप्रकाश सूर्यवंशी को बीएसपी कर्मचारी अधिकारी प्रकोष्ठ का सचिव नियुक्त किया गया।

राजनांदगांव जिला के अध्यक्ष पद पर तामेश्वर देवांगन एवं उपाध्यक्ष पद पर लक्ष्मण साहू को नियुक्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

रायपुर जिला के अध्यक्ष पद पर नारायण सोनी एवं महासचिव पद पर संतोष साहू की नियुक्ति की गई।

प्रदेश उपाध्यक्ष आनंद यादव सरगुजा ने सभी समाजों के साथ संवाद करते हुए एवं सामाजिक बैठकों के माध्यम से संगठन के विधिवत विस्तार करने तथा सबकी भागीदारी पर जोर दिया।

कार्यक्रम में डॉ. पुरुषोत्तम चंद्राकर, धानेश्वर निर्मलकर, डॉ. एस. के. साहू, डी. पी. यादव, अमर यादव, रणछोर यादव, तामेश्वर देवांगन, लक्ष्मण साहू, डॉ. सुखदेवे सहित अन्य उपस्थित थे।

कार्यक्रम में ख्याति प्राप्त कलाकार डॉ. पुरुषोत्तम चंद्राकर एवं उनके सहयोगी कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति ने दर्शकों को आनंद से सराबोर कर दिया। समारोह का संचालन विजय कुमार रात्रे, अनुरूप साहू एवं ईश्वर पटेल ने संयुक्त रूप से किया। आभार प्रदर्शन प्रदेश कोषाध्यक्ष जीवन सिन्हा ने किया।


 
 
 

Comments


©2026 Site Owned and Managed by Dewangan Times

bottom of page