पंडवानी के पितामह अंतरराष्ट्रीय पंडवानी गायक झाड़ूराम देवांगन की पुण्य स्मृति में 14 जून को भिलाई में आयोजित होगा जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह
- gkdewangan18
- 3 days ago
- 2 min read
Updated: 2 days ago

• पंडवानी के पितामह अंतरराष्ट्रीय पंडवानी गायक झाड़ूराम देवांगन की पुण्य स्मृति में 14 जून को संपन्न होगा जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन
• दसवीं एवं बारहवीं बोर्ड में 85% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले दुर्ग जिला के सभी समाज के विद्यार्थियों को किया जाएगा सम्मानित
भिलाई (देवांगन टाइम्स)। दुर्ग जिला देवांगन समाज के तत्वावधान में पंडवानी के पितामह अंतरराष्ट्रीय पंडवानी गायक झाड़ूराम देवांगन की पुण्यतिथि के अवसर पर 14 जून 2026, रविवार को 11 बजे से डॉ भीमराव आंबेडकर भवन, बैकुंठ धाम, कैम्प -2, भिलाई में जिला स्तरीय सर्व समाज प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसमें सत्र 2025-26 में दसवीं एवं बारहवीं बोर्ड में 85% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले दुर्ग जिला के सभी समाज के विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा राज्य स्तरीय खेलकूद, कला संस्कृति एवं अन्य विधाओं में पुरस्कृत प्रतिभाओं का भी सम्मान किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि दुर्ग जिला देवांगन समाज के द्वारा सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करते हुए इस वृहद सम्मान समारोह में दुर्ग जिला के सभी समाज के मेधावी विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष सम्मानित किया जाता है। शैक्षणिक जगत में मेधावी विद्यार्थियों को इस गरिमामय आयोजन की बड़ी प्रतीक्षा रहती है।
जिला अध्यक्ष पुरानिक देवांगन ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी देवांगन समाज के गौरव अंतरराष्ट्रीय पंडवानी गायक झाड़ू राम देवांगन की पुण्यतिथि के अवसर पर 14 जून 2026, रविवार को जिला स्तर पर आयोजित होने वाले प्रतिभा सम्मान समारोह की तैयारियां शुरू कर दी गई है। इस हेतु जिला के सभी प्राचार्यों को पत्र भेजकर उनसे मेधावी विद्यार्थियों की सूची मंगाईं जा रही है। दुर्ग जिला के निर्धारित अर्हता प्राप्त विद्यार्थी अपने अंकसूची की प्रतिलिपि, पासपोर्ट साइज फोटो, अभिभावक का नाम, विद्यालय का नाम, अपना पता, मोबाइल नंबर के साथ 12 वीं बोर्ड के विद्यार्थी पुरानिकराम देवांगन (मो 9243881153) को एवं 10वीं बोर्ड के विद्यार्थी राजेन्द्र लिमजे (मो 9243506577) को सीधे वाट्स ऐप कर अपनी पूरी जानकारी 5 जून तक भेज सकते हैं। सम्मान समारोह में विद्यार्थियों को शाला गणवेश में आना अनिवार्य नहीं है। विद्यार्थी सामान्य शालीन परिधान में अपने अभिभावक के साथ उपस्थित हो सकते हैं। कार्यक्रम स्थल पर दोपहर में भोजन की व्यवस्था रहेगी।



Comments