top of page
Search

बैंगलोर मेट्रो सिटी में निवासरत देवांगन समुदाय ने हर्षोल्लास से मनाया परमेश्वरी महोत्सव

  • gkdewangan18
  • Feb 5
  • 2 min read

• बैंगलोर मेट्रो सिटी में निवासरत देवांगन समुदाय ने हर्षोल्लास से मनाया परमेश्वरी महोत्सव


• बैंगलोर में आयोजित परमेश्वरी महोत्सव में पारिवारिक परिचय, युवक-युवती परिचय, मनोरंजक खेल सहित अनेक आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए गए


• अपने ईष्ट देवी मां परमेश्वरी की पूजा अर्चना में शामिल होने बैंगलोर के रहवासी देवांगन जन उमड़ पड़े


• बैंगलोर में परमेश्वरी महोत्सव के शानदार आयोजन के लिए देवांगन समाज भिलाई के वरिष्ठ घनश्याम कुमार देवांगन ने आयोजकों को बधाई दी है

भिलाई ( देवांगन जन न्यूज)। बैंगलोर मेट्रो सिटी में रहने वाले देवांगन समुदाय ने अपनी संस्कृति एवं परंपरा को बनाए रखते हुए बसंत पंचमी के दिन बैंगलोर में परमेश्वरी महोत्सव का शानदार आयोजन किया। इस अवसर पर बैंगलोर में निवासरत छत्तीसगढ़ के देवांगन जनों ने परिवार सहित महोत्सव में शामिल होकर ईष्ट देवी माता परमेश्वरी की सामूहिक पूजा अर्चना कर उत्सव मनाया। अपने ईष्ट देवी मां परमेश्वरी की पूजा अर्चना में शामिल होने बैंगलोर के रहवासी देवांगन जन उमड़ पड़े।

समारोह के आरंभ में श्रीमती गीना देवी देवांगन ने माता परमेश्वरी के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया। मनीषा देवांगन, मेघा देवांगन, चांदनी देवांगन एवं श्वेता देवांगन के नेतृत्व में सभी ने मां परमेश्वरी की आरती की। स्वागत उद्बोधन मनीष प्रियंका देवांगन ने दिया।

इसके बाद बैंगलोर में रहने वाले उपस्थित 60 परिवारों ने अपना अपना परिचय दिया। महोत्सव में शामिल विवाह योग्य 15 युवक युवतियों ने भी उत्साहपूर्वक अपना परिचय दिया।

जयेश देवांगन एवं शिवेन्द्र देवांगन के नेतृत्व में उपस्थित लोगों के लिए अनेक मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया तथा विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इसमें कौन बनेगा परमेश्वरी महोत्सव की श्रेष्ठ जोड़ी, ट्रेजर हंट, किट्स ड्राइंग, पेंटिंग एवं नृत्य जैसे रोचक कार्यक्रमों ने समाज बांधा। दिनेश देवांगन, साकेत देवांगन, घनश्याम देवांगन एवं भूपेंद्र देवांगन ने भोजन व्यवस्था संभाली ‌।

रश्मि देवांगन एवं श्वेता देवांगन ने सभी परिवारों को स्मृति चिन्ह भेंट कर शुभकामनाएं दी।

परमेश्वरी महोत्सव में शामिल सभी लोग बहुत ही प्रफुल्लित नजर आए और सभी ने संकल्प लिया कि आने वाले दिनों में वे सब मिलकर ऐसे आयोजन लगातार करते रहेंगे, ताकि दूर रहकर भी अपनी संस्कृति एवं परंपरा से जुड़े रहें। कार्यक्रम का सफल संचालन मनीष देवांगन एवं प्रियंका देवांगन तथा आभार प्रदर्शन प्रियतम देवांगन ने किया।

बैंगलोर में परमेश्वरी महोत्सव के शानदार आयोजन के लिए देवांगन समाज भिलाई के वरिष्ठ घनश्याम कुमार देवांगन ने अपनी संस्कृति एवं परंपरा से जुड़े रहने के लिए सराहना करते हुए आयोजकों एवं समाज के लोगों को बधाई प्रेषित की है ।


 
 
 

Comments


©2026 Site Owned and Managed by Dewangan Times

bottom of page