top of page
Search

मोहड़ (डोंगरगांव) निवासी योगेन्द्र देवांगन डेफ क्रिकेट टी- 20 चैंपियंस ट्रॉफी के लिए चयनित : देवांगन समाज में हर्ष

  • gkdewangan18
  • May 13
  • 2 min read

(फोटो : योगेन्द्र देवांगन)

मोहड़ (डोंगरगांव) निवासी योगेन्द्र देवांगन डेफ क्रिकेट टी- 20 चैंपियंस ट्रॉफी के लिए चयनित : देवांगन समाज में हर्ष


भिलाई (देवांगन टाइम्स)। आगामी 26 से 29 मई तक इंडियन डेफ क्रिकेट एसोसिएशन की मेजबानी में दिल्ली में बधिरों के लिए आयोजित होने जा रहे प्रतिष्ठित टी-20 चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए मोहड़ (डोंगरगांव, राजनांदगांव ) के युवक योगेन्द्र देवांगन का चयन हुआ है। इंडियन डेफ क्रिकेट एसोसिएशन (आईडीसीए) टी-20 चैम्पियंस ट्रॉफी में भारत के चार टीमों के बीच मुकाबला होगा। इन टीमों को इंडिया-ए, इंडिया-बी, इंडिया-सी और इंडिया-डी टीमों में में बांटा गया है। योगेन्द्र देवांगन इंडिया-सी टीम की ओर से खेलेंगे। वे बहुत अच्छे क्रिकेटर एवं विकेट कीपर हैं और वे इस टीम में भी विकेट कीपर का दायित्व संभालेंगे। इस टीम में मुंबई, कर्नाटक, जम्मू कश्मीर, राजस्थान, उड़ीसा, दिल्ली, हरियाणा, तमिलनाडू, केरला के खिलाड़ी शामिल हैं, वहीं छत्तीसगढ़ से इंडिया-सी टीम के लिए योगेन्द्र देवांगन चयनित हुए हैं।

(फोटो : सिद्धार्थ श्रीवास्तव)

इसी तरह इंडिया-डी टीम के लिए छत्तीसगढ़ से दुर्ग-भिलाई के क्रिकेटर सिद्धार्थ श्रीवास्तव का चयन हुआ है। क्रिकेटर सिद्धार्थ पूर्व में खेले गए मैचों में टीम के लिए खेलते हुए कैप्टन का दायित्व भी निभा चुके हैं।


मोहड़ निवासी योगेन्द्र एक सामान्य ग्रामीण परिवार से आते हैं। उनके पिता दशरथ देवांगन मूलतः कृषक है। उन्होंने लगातार कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के चलते पहले ब्लॉक, जिला, राज्य और अब राष्ट्रीय स्तर पर क्रिकेट में अपना स्थान बनाने में सफल हुए हैं। उनके लगातार बेहतरीन प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अवसर मिला है। यह एक बड़ी उपलब्धि है।

देवांगन समाज के वरिष्ठ एवं छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष घनश्याम कुमार देवांगन ने हर्ष व्यक्त करते हुए योगेन्द्र देवांगन को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा है कि इससे समग्र देवांगन समाज के साथ ही सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ राज्य गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने दुर्ग -भिलाई के गौरवशाली खिलाड़ी सिद्धार्थ श्रीवास्तव को भी बधाई प्रेषित कर शुभकामनाएं दी हैं।

इस उपलब्धि के लिए योगेन्द्र देवांगन एवं सिद्धार्थ श्रीवास्तव के परिजनों, शुभचिंतकों, ग्रामीणों एवं क्षेत्र वासियों ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।

आईडीसीए को डेफ इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (DICC) से मान्यता प्राप्त है और बीसीसीआई (BCCI) से संबद्धता है। आगामी दिनों में इन दोनों खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर भारतीय टीम की ओर से अंतरराष्ट्रीय मैचों में भी खेलने का अवसर मिल सकता है।


 
 
 

Comments


©2026 Site Owned and Managed by Dewangan Times

bottom of page