top of page
Search

सीजी पीएससी अधीक्षक परीक्षा में देवांगन समाज के 3 अभ्यर्थी चयनित : नगपुरा के रोहित देवांगन मेरिट में पांचवें स्थान पर रहे

  • gkdewangan18
  • Mar 13
  • 2 min read

भिलाई (देवांगन टाइम्स)। छत्तीसगढ़ शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत अधीक्षक (बाल देखरेख संस्था) पद हेतु छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजी पीएससी) द्वारा आयोजित परीक्षा 2025 के 11 मार्च को घोषित चयन सूची में नगपुरा के रोहित कुमार देवांगन ने मेरिट में गौरवशाली पांचवां स्थान प्राप्त किया है। सीजी पीएससी द्वारा कुल 47 विज्ञापित पदों के लिए घोषित अंतिम चयन सूची में रोहित देवांगन के अलावा प्रवीण कुमार मेहर 34 वें एवं आयुषी देवांगन 42 वें रैंक पर चयनित हुए हैं। अनुपम देवांगन 66 वें स्थान पर हैं किन्तु प्रतीक्षा सूची पर हैं।

रोहित देवांगन, प्रवीण कुमार मेहर एवं आयुषी देवांगन की गौरवशाली उपलब्धि पर देवांगन समाज के वरिष्ठ सलाहकार घनश्याम कुमार देवांगन ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि इससे समग्र देवांगन समाज गौरवान्वित हुआ है। ये समाज के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। देवांगन समाज के इन तीनों विशिष्ट प्रतिभाओं को समाज के आगामी समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

महिला एवं बाल विकास विभाग के अधीक्षक (बाल देखरेख संस्था) पद पर मेरिट में पांचवें स्थान पर चयनित रोहित देवांगन ने बताया कि वर्ष 2025 की लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण होने के बाद साक्षात्कार में 138 अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिसमें उन्हें मेरिट में पांचवां स्थान मिला। उन्होंने बताया कि विगत 10 वर्षों से विभिन्न पदों के लिए लगातार प्रयास करते रहे हैं, पर कुछ अंकों से पीछे रह जाते थे। पर हिम्मत न हारकर दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास के बलबूते अंततः सफलता मिली। उन्होंने बताया कि वे पांच बार मेन्स परीक्षा में शामिल हुए किंतु सफलता नहीं मिली। वे एक बार 2019 में कोचिंग किए थे, किंतु बाद में स्वत: की तैयारी एवं मेहनत से सफल हुए। वे नगपुरा निवासी कृषक भगवती देवांगन के छोटे सुपुत्र हैं। उनके पिता का गांव में ही किराना दुकान भी है। मां ढेलाबाई गृहणी हैं। रोहित के दो बड़े भाई और दो बड़ी बहनें हैं, जो विवाहित हैं। रोहित अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं सभी भाई भाभियों को देते हैं, जिन्होंने उसे लगातार असफल होने के बाद भी सपोर्ट किया। रोहित की सफलता से नगपुरा वासी एवं समग्र देवांगन समाज में हर्ष व्याप्त है।

 
 
 

Comments


©2026 Site Owned and Managed by Dewangan Times

bottom of page